गोंडा। नवाबगंज थाना के हरिहरपुर चकपान गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया। चौबेपुर ग्राम पंचायत निवासी आकाश यादव पुत्र प्रभु नाथ यादव मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर से चकपान गांव स्थित रिश्तेदार जनक यादव के यहां वरीक्षा कार्यक्रम में बाइक से शामिल होने जा रहा था। चकपान स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के पास सामने से आ रही मिट्टी लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आकाश सड़क पर गिर पड़ा और ट्रॉली का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और सड़क पर ही हंगामा शुरू कर दिया।