गोंडा। तहसील सदर परिसर में सोमवार को एक फरियादी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र गौतम ने बताया कि शहर के सीताराम पुरम कॉलोनी निवासी करीब 60 वर्षीय अनिल श्रीवास्तव किसी कार्य से तहसील सदर आए थे। वह तहसील भवन के प्रथम तल स्थित अभिलेखागार में बैठे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत अवस्था में पाए गए। राजस्व निरीक्षक परशुराम ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद तत्काल पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रशासन के अनुसार, मृत्यु के कारणों की जानकारी चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।