शहर के स्टेशन रोड स्थित गैस एजेंसी पर शुक्रवार को उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह चार बजे से ही लोग घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग गए, लेकिन सुबह दस बजे तक एजेंसी का गेट नहीं खुला। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी फैल गई। एजेंसी के बाहर सिलेंडरों की कतार आधी सड़क तक पहुंच गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ी। कई लोग नौकरी से छुट्टी लेकर पहुंचे थे, जबकि कुछ मजदूर अपनी दिहाड़ी छोड़कर लाइन में लगे रहे। घंटों इंतजार के बावजूद वितरण शुरू नहीं होने से लोगों का गुस्सा बढ़ता गया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी पर अक्सर अव्यवस्था बनी रहती है। समय से वितरण शुरू न होने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है।