खरगूपुर के खनवापुर गांव के पास देर रात गेहूं मड़ाई के दौरान थ्रेशर चालक से लूट के प्रयास में पकड़े गए एक आरोपी की लोगों ने पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना में चाकू लगने से एक किसान घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामले में दोनों पक्षों से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। खनवापुर निवासी देवी प्रसाद शुक्ला देर रात खेत में गेहूं की मड़ाई कर रहे थे। इसी दौरान हनुमान गोस्वामी अपने साथियों के साथ थ्रेशर लेकर वहां पहुंच रहे थे। आरोप है कि चौखड़िया गांव निवासी संजय चौबे अपने दो साथियों—दीपक यादव (परसरामपुर अहिरन पुरवा) और प्रशांत तिवारी (खनवापुर)—के साथ बाइक से पहुंचे और हनुमान से मोबाइल व नकदी छीनने का प्रयास किया। शोर मचाने पर देवी प्रसाद और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोप है कि संजय चौबे ने देवी प्रसाद पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने संजय की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल किसान को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार ने बताया कि देवी प्रसाद की तहरीर पर संजय, दीपक और प्रशांत के खिलाफ लूट के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की ओर से देवी प्रसाद व अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस भी दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।