गोंडा जिले की धानेपुर नगर पंचायत से सटे ख्वाजाजोत पांडेयपुर देवरहना निवासी आरएसएस कार्यकर्ता अविनाश मिश्र (23) की हत्या के मामले को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह से ही गांव में पुलिस बल तैनात रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव पहुंचने पर परिजन बिलख पड़े। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार किया गया। एसओ निर्भय नारायण सिंह का कहना है कि पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पिता कमला प्रसाद मिश्र ने हत्या का आरोप लगाया था। फिलहाल, सतर्कता के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।