नेपाल की हिंसा का असर यहां की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। मंडल मुख्यालय पर इंडियन आयल डिपो है। यहां से प्रतिदिन टैंकर के माध्यम नेपाल को डीजल व पेट्रोल भेजा जाता है। नेपाल आयल निगम के टैंकर के माध्यम से यहां से पेट्रोलियम पदार्थों को भेजा जाता है। मंगलवार से नेपाल को जाने वाली आपूर्ति ठप है। यही नहीं, अधिकारियों की मानें तो यहां से डीजल व पेट्रोल लेकर नेपाल के लिए निकले करीब 67 टैंकर रास्ते में फंसे हुए हैं। इसका असर यहां की निर्यात व्यवस्था पर पड़ रहा है। गल्ला मंडी में बृहस्पतिवार को गल्ला व्यापार संघ के अध्यक्ष विकास जैन व्यापारियों के साथ नेपाल मामले को लेकर मंथन कर रहे थे। बताया कि नेपाल में हिंसा से पहले यहां से सामान लेकर गए वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। ट्रक ड्राइवर फोन करके पैसे मांग रहे हैं। यहां से पैसा भेजा जा रहा है। बताया कि यही नहीं, हिंसा शुरू होने के कारण सीमा सील होने की वजह से नया कोई आर्डर तक नहीं जा पा रहा है। करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो रहा है। सचिन गर्ग, मनीष खेतान भी इससे चिंतित दिखे।