नए वर्ष 2026 का स्वागत लोगों ने धार्मिक आस्था व उत्साह के साथ किया। बृहस्पतिवार को सुबह से ही शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। खरगूपुर के पृथ्वी नाथ मंदिर व शहर के दुखहरण नाथ मंदिर में तड़के से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया, जहां लोगों ने भगवान से सुख-समृद्धि और मंगलमय वर्ष की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फूल, प्रसाद और गिफ्ट की दुकानों पर भी रौनक देखने को मिली। परिवार और मित्रों के साथ पहुंचे लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। भक्ति और उल्लास के माहौल में शहर ने शांतिपूर्ण ढंग से नए साल का स्वागत किया।