करनैलगंज में दिनदहाड़े एक सराफा व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर व्यापारी से ज्वेलरी से भरा बैग छीन लिया। बैग में करीब आठ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी थी। सदर बाजार निवासी राजन सोनी की नारायणपुर मांझा में ज्वेलरी व बर्तन की दुकान है। वह दुकान जा रहे थे। जैसे ही वह नारायणपुर मांझा रेलवे क्रॉसिंग पार कर श्याम मंदिर के पास पहुंचे, अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और जबरन बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, बैग में करीब एक किलो चांदी, 40 ग्राम सोना, 40 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन रखा था। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। मोबाइल बैग में होने के कारण वह तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दे सके और बाद में दूसरे के फोन से परिजनों को जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने भी मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को संयुक्त रूप से घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।