गोंडा। जिले में मंगलवार से स्नातक व परास्नातक सेमेस्टर परीक्षाओं का आगाज हो गया। डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय से संबद्ध बीएससी 6 सेमेस्टर व 4 सेमेस्टर तथा एमए-एमएससी 4 सेमेस्टर की परीक्षाएं जिले के 82 केंद्रों पर शुरू हुईं। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही छात्र-छात्राओं की भीड़ देखने को मिली। निर्धारित समय पर पहली पाली की परीक्षा संपन्न हुई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा एलबीएस महाविद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर शुरू हो गई। प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और प्रवेश से पहले छात्रों की सघन जांच की जा रही है। परीक्षा शुरू होने से छात्रों में उत्साह के साथ हल्की चिंता भी देखने को मिली।