प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान व मेला देखने के लिए जिले से हजारों लोग दो दिन पूर्व से ही जा रहे हैं। सोमवार की भोर से ही बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जुट गई। रोडवेज प्रशासन ने प्रयागराज कुंभ मेला के लिए 12 बसें चलाई हैं। रोडवेज के बेड़े में कुल 109 बसें हैं। 10 शटल बसों को पहले से महाकुंभ में लगाया गया है। अब बेड़े की दो बसों को बढ़ाया गया है। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की संख्या के मद्देनजर बसों की संख्या में इजाफा किया जा रहा है। उधर, यात्रियों की भीड़ के चलते रोडवेज जाने वाले मार्ग पर दिन भर जाम की स्थित बनती रही जिससे इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।