अब मेडिकल कॉलेज में आने वाले जरूरतमंद मरीजों और उनके तीमारदारों को सस्ते दरों पर पौष्टिक भोजन मिल सकेगा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बृहस्पतिवार को शक्ति रसोई की शुरुआत की है। इस रसोई का संचालन दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत किया जा रहा है। रंजना स्वयं सहायता समूह की सीमा, नुसरत और सोनी को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेगी, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकेंगी। शक्ति रसोई का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों और कमजोर वर्गों को राहत प्रदान करना है। यहां सस्ते, स्वच्छ और संतुलित भोजन की व्यवस्था की जाएगी ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भोजन की समस्या का सामना न करना पड़े।