उत्तर प्रदेश के गोंडा में शनिवार को एक डबलडेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां चार यात्रियों की हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कालेज, गोंडा के लिए रेफर किया गया है। हादसा करनैलगंज क्षेत्र के कटरा शाहबाजपुर के मजरा बाबूपुरवा में हुआ। सुबह करीब 10 बजे एक डबलडेकर बस दिल्ली सवारी लेकर नवाबगंज जा रही थी। भंभुआ के निकट रेलवे क्रॉसिंग बंद होने और आरटीओ की चेकिंग के कारण चालक ने बस को सिंगल रोड पर उतार दिया। वह बरगदी कोट से होकर कटरा शाहबाजपुर के रास्ते करनैलगंज की तरफ जा रहा था। रास्ते में बाबूपुरवा के पास बिजली का तार बस के ऊपरी हिस्से में फंस गया। इस पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बस का चक्का निकल गया। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बीके सिंह के घर पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे में घर में खाना बना रही प्रियंका भी घायल हो गईं। बताया गया कि बस में यात्रियों से ज्यादा लोड सामान का था। यह दिल्ली से लाया जाता है। सामान का लोड अधिक होने से बस अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद बस चालक व क्लीनर फरार हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने बस के अंदर फंसे यात्रियों को निकाला। उन्हें अस्पताल पहुंचाया। साथ ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल श्रीधर पाठक, इंस्पेक्टर क्राइम सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को अस्पताल पहुंचाने मेंम मदद की। इसके बाद जेसीबी बुलाकर बस को एक तरफ कराया।