यूपी के गोंडा में सोमवार की सुबह खराद की दुकान करने वाले दुकानदार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोस में मुर्गे की दुकान करने वाले युवक ने गंदगी फेंकने से मना करने पर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के जानकीनगर की है। जानकीनगर निवासी राहत अली ने बताया कि उनके मोहल्ले में मोहम्मद यासीन (42) खराद की दुकान करते थे। उनकी दुकान के बगल एक मुर्गे की दुकान है। मुर्गा व्यापारी उसकी दुकान पर गंदगी फेंकते थे, जिसका यासीन ने विरोध किया। इस बात को लेकर सोमवार की सुबह मुर्गा की दुकान करने वाले ने यासीन को चाकू मार दिया। जिससे वह मरणासन्न हो गया। परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। अब्दुल खान का कहना है कि यार मोहम्मद उसके चाचा का लड़का था। विपक्षी आए दिन उसे धमकाते थे। उन लोगों ने उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कार्रवाई की मांग की।