यूपी के गोंडा में युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध और पैसों के विवाद के चलते आरोपी ने युवती की गला रेतकर हत्या कर दी थी। आरोपी अरुण कुमार (निवासी रोहतास, बिहार) को रेलवे स्टेशन गोंडा के पास गिरफ्तार किया गया है। मामला कोतवाली देहात के भीटी भदवल गांव का है। गांव निवासी अशोक कुमार ने 30 मार्च को अपनी बेटी शीला (25) के लापता होने की सूचना दी थी। 2 अप्रैल को भदवल गांव के पास गन्ने के खेत में युवती का शव मिला। परिजनों ने शीला के रूप में पहचान की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉग स्क्वाड व फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। एएसपी मनोज कुमार रावत ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी युवती से 2022 में सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई थी। दोनों रील बनाकर साझा करते थे। कई बार मिल भी चुके थे। आरोपी ने युवती को करीब 1.5 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन दिए थे। आरोपी के अनुसार, युवती लगातार पैसों की मांग कर रही थी। उसे शक था कि वह किसी अन्य युवक से भी बात कर रही है। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची। 29 मार्च को आरोपी ने युवती को भदावल के पास गन्ने के खेत में बुलाया। वहां रील बनाने का झांसा देकर उसके हाथ बांध दिए और चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी चाकू को च्यवन मुनि आश्रम के पास झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया।