गोंडा में श्री लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को बिना आग का उपयोग किए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और पाक कला का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। छात्राओं ने बिना गैस और आग के उपयोग के स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ उन्हें आकर्षक ढंग से सजाया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में पौष्टिक खानपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मकता और पाक-कौशल को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रेखा शर्मा ने किया। इस दौरान कॉलेज की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।