गोंडा। लखनऊ में हुए अग्निकांड को लेकर बुधवार को प्रशासन की टीम सड़क पर उतरी। शहर में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, सीओ सिटी आनंद कुमार राय व जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चंद्र ने एक दर्जन से अधिक संस्थानों का निरीक्षण कर आग से बचाव को लेकर किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। सात को नोटिस जारी की गई है। वहीं, करनैलगंज में एसडीएम नेहा मिश्रा ने कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय, पुलिसकर्मियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ क्षेत्र के कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की गई और खामियां मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।