फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोंडा: जल जीवन मिशन पर पूर्व सांसद बृजभूषण, बोले- किसी ने भी नहीं पूछा हाल

कैसरगंज के पूर्व भाजपा बृजभूषण शरण सिंह ने सोमवार को नगर पंचायत बेलसर के चांदपुर गांव पहुंचकर हाल ही में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीन मजदूरों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन की कार्यशैली और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए। पूर्व सांसद ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत सड़कों की खुदाई कर उन्हें लंबे समय तक अधूरा छोड़ दिया जाता है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चांदपुर के तीन मजदूरों की मौत भी हरखापुर के वीरसिंहपुर गांव के पास जल जीवन मिशन की ओर से खोदी गई सड़क में ट्रक धंसने और पलटने के कारण हुई। उन्होंने कहा कि सिर्फ गोंडा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं। विभाग सड़कें ठीक कराने की जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है, जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। बृजभूषण शरण सिंह ने प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। यहां तक कि क्षेत्रीय लेखपाल ने भी पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली। यह एक गरीब परिवार है। इसे केवल दुर्घटना नहीं कहा जा सकता, बल्कि यह घोर लापरवाही का परिणाम है। सरकार को तत्काल संज्ञान लेकर जिम्मेदार विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना चाहिए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब वे ऐसे मुद्दों को उठाते हैं तो उन पर सरकार के खिलाफ बोलने का आरोप लगाया जाता है, जबकि उनका उद्देश्य केवल पीड़ितों को न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत सहायता की एक सीमा होती है, लेकिन पीड़ितों को वास्तविक राहत सरकार और शासन से मिलनी चाहिए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें