फर्नीचर खरीद में घूस लेने के मामले में आरोपी बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक (सिविल) विद्याभूषण मिश्र को पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में नामजद दूसरे जिला समन्वयक की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है, जबकि तत्कालीन बीएसए ने हाईकोर्ट से स्थगन आदेश ले रखा है। कोतवाली नगर पुलिस के अनुसार नवंबर 2025 में गोरखपुर स्थित भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मंगलवार को पुलिस ने बीएसए कार्यालय से जिला समन्वयक विद्याभूषण मिश्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। देर रात पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज रावत ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में आरोपी रहे तत्कालीन बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त कर रखा है।