गोंडा में एलबीएस पीजी कॉलेज समेत 16 केंद्रों पर रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) कड़ी निगरानी में हुई। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे खिले नजर आए। हालांकि, कुछ अभ्यर्थियों ने करेंट अफेयर्स के सवालों को कठिन बताया। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। घड़ी, बेल्ट समेत प्रतिबंधित वस्तुएं बाहर रखवाई गईं। परीक्षा को लेकर यातायात समेत अन्य जरूरी इंतजाम किए गए थे। इटियाथोक के जनता इंटर कॉलेज सहित सभी केंद्रों पर जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। सुरक्षा और निगरानी के भी पुख्ता इंतजाम रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र के अनुसार, पहली पाली में पंजीकृत 7,128 अभ्यर्थियों में से 5,320 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,808 अनुपस्थित रहे। इस तरह पहली पाली में 74.63 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।