अवैध धर्मांतरण के आरोपी छांगुर बाबा पर जारी कार्रवाई मामले में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा में बयान दिया है। पूर्व सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि मुझे नहीं पता था वो इतना महान व्यक्ति है। अब जांच हो रही है। हम उस क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं, तब भी छांगुर के बारे में नहीं सुना। हम अक्सर लोगों के साथ फोटो खिंचवाते रहते हैं, कभी किसी दिन छांगुर जैसा कोई हमारे बगल में खड़े होकर फोटो न खिंचवा लिया हो, क्या पता ? अब पुलिस अपना काम कर रही है। पूर्व सांसद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। राहुल गांधी के मनुवाद पर दिए बयान पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को मनु के बारे में पढ़ना चाहिए। आज जो लोग भी मनुवाद और सनातन की आलोचना करते हैं, मैं उनसे कहना चाहूंगा कि नंदिनी नगर में एक जनवरी से लेकर के आठ जनवरी तक रितेश्वर महाराज की कथा होने जा रही है। वो लोग आकर कथा सुनें। उन्होंने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने उनकी विदा-विदाई कर दी है। पंजाब की जनता भी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को विदा कर देगी। इसीलिए, अरविंद केजरीवाल को जो करना हो जल्दी-जल्दी कर लें। उनका अब कोई इतिहास और भूगोल बाकी नहीं है।