ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की खबर सामने आते ही गोंडा में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही मुस्लिम समाज में गहरा दुख व्यक्त किया गया और विभिन्न स्थानों पर शोक सभाएं आयोजित की गईं तथा तीन दिन के शोक की घोषणा की गई। चौक बाजार स्थित शिया इमामबाड़ा में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने मरहूम के लिए दुआ-ए-मगफिरत की। इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। नमाज के बाद शोक सभा आयोजित कर उनके योगदान को याद किया गया। मौलाना मुंतजिर हुसैन रिजवी ने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई ने पूरी दुनिया में शिया समुदाय के मार्गदर्शक के रूप में अपनी पहचान बनाई। उनके निधन से वैश्विक स्तर पर अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे मुस्लिम उम्मत के लिए बड़ी क्षति बताया। शिया मोहर्रम कमेटी के सदर डॉ. सैयद आजम आबिदी ने भी शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और विचारों को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के लोग उनके बताए रास्ते पर चलकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देंगे।