गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के दवोपुर गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। सेंध मारकर कमरे में घुस गए और आलमारी का ताला तोड़कर 20 हजार नगदी और तीन लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार की सुबह जानकारी होने पर पीड़ित परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई। घटना दवोपुर गांव की है ग्राम निवासी राजनारायण यादव के मकान में मंगलवार की रात चोर मकान के पीछे से सेंघ मार कर कमरे के अंदर घुस गए और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद करके कमरे में रखा बक्सा व आलमारी का ताला तोड़ दिया। बक्से में कपड़े थे। वहीं आलमारी का लाकर तोड़ कर उसमें रखा 20 हजार रुपये नगदी और सोने का एक मंगलसूत्र, दो पायल, एक मान टिका, नथुनी , कान में का आयरन, दो लाकेट, एक सिकड़ी और एक मीना उठा ले गए, जिसकी कीमत 3 लाख रुपये है। सुबह जब परिवार की महिलाएं सो कर उठी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आशंका होने पर जब परिवार के लोग मकान के बाहर खेत के तरफ गए तो देखा कि मकान की दीवार में सेंध मारा गया है। सेंध के रास्ते से अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली हुई है। सभी सामान बिखरा पड़ा है। वहीं एक बक्सा घर से 200 मीटर की दूरी पर बांसवाड़ा में फेंका पड़ा है। चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन करने में जुट गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।