100 दिवसीय क्षय रोग (टीबी) अभियान के तहत श्री देवधारी सीताराम इंटर कॉलेज, राजूपुर में शुक्रवार को टीबी जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 200 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों की हीमोग्लोबिन (एचबी) जांच, वजन और लंबाई का मापन किया। जांच के दौरान जिन बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं मिलीं, उन्हें आवश्यक दवाएं देने के साथ उचित परामर्श भी दिया गया। शिविर में बच्चों को आयरन फोलिक एसिड की गोलियां एवं सैनिटरी पैड वितरित किए गए। चिकित्सकों ने छात्र-छात्राओं को क्षय रोग के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी। बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। साथ ही यह भी बताया गया कि जांच, इलाज और दवाएं सभी सरकारी केंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में डॉ. सूरज कुमार दुबे, डॉ. आकांक्षा सिंह, एलटी चंद्रशेखर यादव, फार्मासिस्ट शीतल प्रसाद, सीएचओ धर्मेंद्र कुमार तथा विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।