मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल निर्माण परियोजना को समय पर पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद के साथ निर्माणाधीन विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गति अपेक्षा से धीमी मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। विकास खंड मनिहारी में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुपालन की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल शासन की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है। विद्यालय के निर्माण के बाद कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय का निर्माण अटल आवासीय विद्यालय की तर्ज पर कराया जा रहा है और इसे नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।