फिरोजाबाद में अमर उजाला दोस्त पुलिस अभियान के तहत शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को महिला थाने का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं ने न केवल महिला अधिकारों की जानकारी ली, बल्कि थाने में पुलिस की कार्यप्रणाली को भी करीब से देखा और समझा। सीओ चंचल त्यागी ने छात्राओं को उनके मौलिक और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आज की बालिकाएं जागरूक हैं और उन्हें चाहिए कि किसी भी प्रकार की हिंसा, छेड़छाड़ या उत्पीड़न का सामना होने पर वे तुरंत पुलिस से संपर्क करें। महिला थाना प्रभारी रीना ने छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव कराया। उन्होंने थाने के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कराया, जिसमें एफआईआर दर्ज करने का कक्ष, परामर्श कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, रिकॉर्ड रूम और प्राथमिक साइबर सेल शामिल थे। छात्राओं को बताया गया कि शिकायत दर्ज करने से लेकर जांच और समाधान तक की प्रक्रिया किस तरह से की जाती है। उन्होंने कहा कि आज की लड़कियों को साहसी बनकर अपनी बात रखनी चाहिए और किसी भी स्थिति में चुप न रहकर आवाज उठानी चाहिए। महिला पुलिसकर्मी नीता ने छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्हें गुड टच, बैड टच, सोशल मीडिया पर सतर्कता और संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्टिंग के तरीकों के बारे में बताया। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन अरशद परवीन और शिक्षिका प्रभा भी उपस्थित रहीं।