फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में देवर की छत पर सो रहीं सास और अपनी बेटी के साथ सो रही महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पति पर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका के पिता ने थाना शिकोहाबाद में हत्यारोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन ने जुट गई है। नगला चतुरी निवासी राज बहादुर सिंह ने अपनी पुत्री सरिता की शादी करीब 22 वर्ष पहले नानेमऊ थाना नसीरपुर निवासी रामनरेश उर्फ जगमोहन यादव से की थी। शादी के बाद उनके चार बच्चे हुए। आरोप है कि रामनरेश शराब पीने का आदी था और आए दिन सरिता के साथ मारपीट करता था। पीड़ित का आरोप है कि गत 26 जून की रात शराब के नशे में आए आरोपी ने गाली-गलौज की। विवाद से बचने के लिए सरिता अपने बच्चों और सास के साथ देवर के मकान की छत पर सोने चली गई। आरोप है कि देर रात रामनरेश छत पर पहुंचा और लोहे की रॉड से सरिता के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मृतका की पुत्री ने फोन पर परिजनों को दी। पिता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।