एटा। अलीगंज सर्किल क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस एक वारदात की जांच में जुटती है, तब तक चोर दूसरी घटना को अंजाम दे देते हैं। जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव महाराजपुर में बुधवार रात करीब 2:30 बजे चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया। परिवार के सदस्य घर में अलग-अलग स्थानों पर सोते रहे और चोर कमरे में रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये कीमत के जेवर समेटकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह चोरी का पता चलने पर परिवार में खलबली मच गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर करीब 15 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की जानकारी दी है।