एटा के जलेसर में विद्युत निगम के जेई के व्यवहार से क्षुब्ध किसानों ने सोमवार को अवागढ़ के बिजली घर पर धरना-प्रदर्शन किया। हिंदू एकता समूह और भारतीय किसान यूनियन (भानु) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने जेई का विरोध जताया। प्रदर्शन करते हुए हिंदू एकता समूह के संस्थापक और यूनियन के प्रदेश महासचिव शुभम हिंदू ने कहा कि अवागढ़ बिजलीघर पर तैनात जेई के व्यवहार से किसान परेशान हैं। न तो वह फोन उठाते हैं और न संपर्क होने पर संतोषजनक जवाब देते हैं। क्षेत्र के गांव सरानी की कई साल पुरानी बिजली समस्या का समाधान नहीं हो सका है। पोंढ़री फीडर से जुड़े किसानों को पर्याप्त आपूर्ति न मिलने से किसान परेशान हैं। कस्बे में भी रोस्टर के अनुसार सप्लाई नहीं दी जा रही है। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसडीओ ज्ञानेश कुमार ने ज्ञापन लेते हुए सभी समस्याओं का जल्द ही निस्तारण कराए जाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में लालू ठाकुर, पंकज सिंह, प्रशांत यादव, श्याम, महावीर, वीरेश, ज्ञान सिंह आदि किसान रहे।