उत्तर प्रदेश के एटा में बकाया विद्युत बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने गई विद्युत विभाग की टीम पर ईंट पत्थरों से हमला बोल दिया गया। इसमें संविदा कर्मी घायल हो गया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामला नयागांव थाना क्षेत्र में 33/11 केवी उपकेंद्र अमोघपुर भाटान का है। यहां तैनात निविदाकर्मी लाइनमैन कौशलेंद्र कुमार ने थाने में केस दर्ज कराया। बताया कि वह अपने स्टाफ शिवम, मनोज, अरविंद, रिंकू व अन्य लाइनमैन के साथ उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार डिस्कनेक्शन करने के लिए गाही गांव गया था। गांव निवासी रविकांत पुत्र राजकुमार का 79339 रुपये बिल बकाया है। इस पर उपभोक्ता को सूचित करते हुए विद्युत पोल पर चढ़े तो रवि पुत्र राजकुमार, श्याम बाबू पुत्र किराऊ, कमला देवी पत्नी राजकुमार, अनीता पत्नी पप्पन, सोनम पत्नी रवि, मंगल पुत्र कमलेश नें मेरे साथी व स्टाफ पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया। इसमें मुझे चोट आई है। किसी तरह वहां से जान बचाकर निकल पाए। सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने को लेकर थाने में केस दर्ज किया गया है। एसडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि गाही गांव में बकाया बिल के चलते उपभोक्ता को सूचित करते हुए लाइन काटने की कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान टीम पर हमला बोल दिया गया। इसमें संविदा कर्मी घायल हो गया है। थाने में प्रार्थना पत्र दे दिया गया है।