लार बाईपास मार्ग के घारी वार्ड से हाइडिल तिराहा तक लोक निर्माण विभाग का निर्माण कार्य दो माह से ठप पड़ा है। 20 जून तक सड़क पूरी तरह बनकर तैयार हो जानी थी, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। अब बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया है, जिससे इस रास्ते से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। स्थानीय लोग मजबूर होकर बाजार के रास्ते तीन किलोमीटर का चक्कर लगाकर अपने घरों को आ-जा रहे हैं। इससे नगर में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को कठिनाई हो रही है।