बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर आर्टिका कार में पीछे से आई टाटा सफारी ने टक्कर मार दी। आर्टिका सवार राजस्थान के तीन दोस्तों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उधर, टाटा सफारी सवार ग्वालियर की दो महिलाओं समेत पांच लोग भी घायल हो गए। सभी को चित्रकूट के जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों गाड़ियों में सवार महाकुंभ जा रहे थे। राजस्थान के नागौर जिले के थाना जसनगर क्षेत्र के मेहरता गांव निवासी हनुमान चौधरी (30) ने बताया कि वह गांव के दोस्त धर्मेंद्र कुमार (25), राकेश शर्मा (28), राकेश सोनी (22), रामकिशुन उर्फ रज्जू (36), हिंगलाज चारण (40) के साथ सोमवार को अर्टिका कार से महाकुंभ जा रहे थे। मंगलवार को तड़के लगभग सवा पांच बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बांदा जिले के अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के ओरन कस्बे के पास पहुंचे तो राजेश सोनी को उल्टी होने लगी। वह सब कार से उतरकर खड़े थे।