वर्षों से खराब सड़क और जलभराव की समस्या झेल रहे सोनबरसा ग्राम सभा के ग्रामीणों को अब राहत मिलने जा रही है। ग्राम विकास योजना के तहत टांडा कला बाजार से बलुआ मार्ग को जोड़ने वाली करीब 300 मीटर लंबी जर्जर सीसी सड़क के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ हुआ। यह सड़क कई वर्षों से बदहाल स्थिति में थी। पहले जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने और बाद में ग्रामीणों के घरों के गंदे पानी की निकासी के लिए सीवर पाइप डालने के कारण सड़क को दो बार खोदा गया था। बार-बार की खुदाई और समय पर मरम्मत न होने से सड़क पूरी तरह उखड़ गई थी, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नई सड़क का निर्माण संगम विश्वकर्मा के घर से टांडा-बलुआ मुख्य मार्ग तक कराया जा रहा है। इस कार्य पर लगभग 20 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। सड़क की लंबाई करीब 300 मीटर बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जलभराव और टूटी सड़क की समस्या बनी हुई थी, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। अब सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। लोगों को उम्मीद है कि सड़क बनने से आवागमन सुगम होने के साथ ही स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।