संपूर्ण समाधान दिवस समाप्त होते ही जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग जैसे ही बाहर निकले, वनांचल क्षेत्र के पथरौर, सेमर साधोपुर और जमशोत के ग्रामीणों ने महिलाओं व पुरुषों के साथ मिलकर उनका घेराव कर दिया।ग्रामीण महिलाओं ने डीएम को बताया कि गांव में न सड़क है और न ही बिजली और पानी की व्यवस्था। हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल संकट गंभीर हो गया है। वहीं औरवाटांड बांध में पानी भर जाने से खेत डूब चुके हैं, जिससे खेती करना असंभव हो गया है और ग्रामीणों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।कुछ महिलाओं ने यह भी शिकायत की कि बांध में मौजूद मगरमच्छ कई बार घरों तक घुस आता है, जिससे जानमाल को खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने मनरेगा योजना में फर्जी भुगतान का आरोप लगाते हुए कहा कि जॉब कार्ड हमेशा भरे हुए दिखते हैं, लेकिन पैसा कैसे निकल जाता है, इसकी जानकारी नहीं मिलती।सेमर साधोपुर की महिलाओं ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पिछले एक साल से अध्यापक नहीं आते। केवल रसोइया विद्यालय खोलती है, खाना बनाती है और चली जाती है।ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने एसडीएम विनय मिश्रा को निर्देशित किया कि गांव का भ्रमण कर समस्याओं का निस्तारण करें और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजा जाए।इस दौरान नर्मदा, पार्वती, संगीता, सावित्री, सुरसती, बसंती, बिंदू, हरगेंद, नागेंद्र, राम प्यारे सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।