चंदौली जिले के नियामताबाद विकासखंड के रतनपुर गांव में करीब दो वर्ष पहले शुरू की गई कूड़ा निस्तारण केंद्र और पानी की टंकी की योजना ग्रामीणों के लिए अब परेशानी का सबब बन गई है। गड्ढे में बनाए गए कूड़ा निस्तारण केंद्र में बारिश का पानी भर जाने से पूरा परिसर जलमग्न हो गया है। वहीं, पानी की टंकी का निर्माण कार्य बीच में ही रुक जाने के कारण ग्रामीणों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाया गया है, वहां बारिश होते ही पानी भर जाता है। हाल में हुई बारिश के बाद केंद्र पूरी तरह पानी से घिर गया है। स्थिति यह है कि ग्रामीण वहां कूड़ा डालने तक नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में गांव में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर, गांव में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई जा रही पानी की टंकी का काम भी लंबे समय से बंद पड़ा है। निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण ग्रामीणों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। गांव के कई परिवारों को पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।