चंदाैली के शिकारगंज क्षेत्र के मूसाखाड़ बांध की तलहटी स्थित महाराजा कोठी परिसर में नवयुवक मंगल दल की ओर से आयोजित 55वें राज्यस्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में बुधवार को क्षेत्र की कई टीमों ने हिस्सा लिया और अपना बेहतर प्रदर्शन प्रस्तुत किया। समापन सत्र की मुख्यअतिथि समाजसेवी डॉ. गीता शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। कहा कि खेलों से अनुशासन के साथ भाईचारा पनपता है। मनुष्य के जीवन में खेल का गुण होने से देश के विकास में मील का पत्थर बनता है। बुधवार को मिर्जापुर ने जेडी हॉस्पिटल मुगलसराय, गंगापुर आजमगढ़ ने करमजीत क्लब चुनार को, भरछा ने मूसाखाड़ को, तुलापुर ने ढुन्नु को हराया। इस अवसर पर पूर्व एमएलसी अरविंद सिंह, चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, दशरथ सोनकर मुश्ताक अहमद गुरुदेव चौहान, आलोक जायसवाल, पूर्व प्रधान शंभूनाथ यादव, शंकर दादा आदि मौजूद रहे। संचालन संतोष सिंह, शैलेन्द्र यादव, श्रीप्रकाश यादव ने किया। रेफरी दूधनाथ यादव व विजयकांत यादव ने किया।