बबुरी थाना क्षेत्र के नबाबपुर गांव में पिछले आठ दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज महिलाओं और ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने चकिया-मुगलसराय मार्ग पर चक्का जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। जानकारी के अनुसार 30 तारीख को एक ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा टूट गया था, जिसके बाद से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। ग्रामीणों ने कई बार बबुरी पावर हाउस और संबंधित जेई से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। लगातार आठ दिनों तक बिजली न आने से परेशान ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने बुधवार शाम सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। चक्का जाम के कारण मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और दो घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।