चंदौली में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से 16.25 लाख रुपये नकद के साथ एक व्यक्ति को पकड़ लिया। व्यक्ति नकदी वाराणसी से बिहार के डेहरी ऑन सोन ले जा रहा था। सूचना पर पहुंची आयकर विभाग वाराणसी की टीम ने नकदी और रुपये ले जाने के आरोपी को अपने साथ वाराणसी ले गई। आगे की कार्रवाई आयकर विभाग की टीम करेगी। आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि होली के मद्देनजर स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम लगातार गश्त कर रही है। जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम शुक्रवार की देर शाम स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी बीच फुट ओवर ब्रिज पर एक व्यक्ति छोटा लाल रंग का बैग लटकाए तेज कदमों से आता दिखा। संदेह होने पर रोक कर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम व पता सोनू कुमार सोनी निवासी पानी टंकी, धनटोलिया मुहल्ला, वार्ड नंबर 26, डेहरी ऑन सोन जिला रोहतास बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें नकदी बरामद हुआ। वह नकदी के संबंध में कोई कागजात नहीं दिखा पाया। उसे पकड़ कर आरपीएफ पोस्ट पर लाया गया। कैश की गिनती करने पर बैग में 16.25 लाख रुपये बरामद हुए। युवक ने बताया कि वह रुपये वाराणसी से डेहरी ऑन सोन ले जा रहा था। आरपीएफ ने इसकी सूचना आयकर विभाग को दी। आयकर विभाग वाराणसी की टीम आरपीएफ पोस्ट पर पहुंची और रुपये ले जाने वाले व्यक्ति और बरामद रुपये अपने साथ ले गई। आगे की कार्रवाई आयकर की टीम करेगी।