भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कस्बा स्थित जलमग्न सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध जताया। चेताया कि कार्यदायी संस्था ने शीघ्र सड़क व नाली निर्माण का कार्य पूरा नहीं किया तो वे आंदोलन करेंगे। स्थानीय कस्बा में विगत दो वर्षों से फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण की गति धीमी होने के कारण बारिश के बाद सड़क पर जलभराव हो गया है। इससे आक्रोशित भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन (अ) के मंडल अध्यक्ष पिंटू पाल के नेतृत्व में किसानों ने जलमग्न सड़क पर धान रोपकर विरोध जताया। कहा कि अधिकारियों को आमजन की समस्या से कोई सरोकार नहीं है। किसान नेता दीनानाथ श्रीवास्तव ने कार्यदायी संस्था को शीघ्र समस्या के निदान की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ने कहा कि कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर धान की रोपाई करने वालों में विजयकांत पासवान, शेषनाथ यादव, अखिलेश यादव, मोहन यादव आदि रहे।