सकलडीहा थाना क्षेत्र के मनिहरा गांव के समीप मरकनिया माइनर के पास अनियंत्रित स्कूली बस ने सोमवार को बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में दौलतपुर निवासी 30 वर्षीय बेचू चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूली बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सकलडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस व बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।