चंदौली जिले के प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने शनिवार को नौगढ़ और चकिया क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में आए आंधी-तूफान में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और राज्य आपदा मोचक निधि से चार-चार लाख रुपये के राहत चेक वितरित किए। 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान के दौरान शिकारगंज गांव निवासी गुलाब की दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई थी। करवदिया गांव निवासी प्रभावती देवी पर पेड़ गिरने से उनकी मृत्यु हो गई थी। वहीं बोदलपुर गांव निवासी रामकेश यादव कच्ची दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। प्रभारी मंत्री ने इन तीनों मृतकों के परिजनों को राज्य आपदा मोचक निधि से चार-चार लाख रुपये के चेक प्रदान किए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों का सर्वे कर उन्हें सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। करवदिया गांव निवासी प्रभावती देवी और शिकारगंज गांव निवासी गुलाब के मकान आंधी-तूफान में पूरी तरह ध्वस्त हो गए थे। जिला प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों को अलग से 1 लाख 20 हजार रुपये का गृह अनुदान भी स्वीकृत किया गया। इससे पहले प्रभारी मंत्री ने ग्राम मझगावां पहुंचकर तूफान से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान अजय कुमार, शांति देवी, रामपूजन, गुंजा, मुराली, अजियारी और गीता सहित कई प्रभावित लोगों से बातचीत कर उन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान चकिया विधायक कैलाश आचार्य, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इनमें उपजिलाधिकारी पवन कुमार यादव, तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार आशुतोष राय, बीडीओ विकास सिंह तथा अन्य अधिकारी शामिल थे।