नौगढ़ के जयमोहनी रेंज के अतरवा गांव में तेंदुए के दिखने की खबर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेंदुआ को उदितपुर-सुर्रा मार्ग पर अतरवा गांव के पास देखा गया बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। गांव के निवासी विवेक यदुवंशी, संदीप यादव, रामलाल और रजवंती ने बताया कि तेंदुआ कई बार गांव के आसपास देखा गया है, जिससे लोगों में दहशत बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, बच्चों और महिलाओं में विशेष रूप से डर का माहौल है। लोग शाम होते ही घरों में सिमट जा रहे हैं और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बच रहे हैं। मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। इस संबंध में रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि सेंचुरी क्षेत्र में तेंदुए छोड़े गए हैं, हालांकि वायरल वीडियो की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि यदि तेंदुआ गांव की ओर आता है, तो उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर जंगल में वापस छोड़ा जाएगा। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर न जाएं, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।