सावन माह की पुण्य बेला में टांडाकला क्षेत्र के सोनबरसा सेमरी स्थित श्री हनुमान मंदिर पर 24 घंटे के अखंड हरि कीर्तन के समापन के उपरांत बृहस्पतिवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बुधवार शाम से आरंभ हुए हरि कीर्तन का समापन गुरुवार शाम 5 बजे हवन-पूजन के साथ हुआ। समापन के बाद साधु-संतों को आदरपूर्वक पंगत में बैठाकर भोजन कराया गया और अंगवस्त्र व दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इसके पश्चात सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशाल भंडारा आयोजित हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर पूरी, सब्जी, बुनिया और मीठा प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों की भारी भीड़ और श्रीराम-हनुमान के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम की व्यवस्था में राजमणि पांडेय, आलोक पांडेय, छोटेलाल प्रजापति सहित अनेक दानदाताओं का योगदान रहा।