टांडा कला क्षेत्र के सोनबरसा गांव स्थित प्रसिद्ध श्री मारूका माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर वार्षिक धार्मिक अनुष्ठान भव्यता के साथ संपन्न हुआ। विगत कई वर्षों की परंपरा को जीवंत रखते हुए इस वर्ष भी ग्रामीणों द्वारा 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन ' श्रृंगार उत्सव' के रूप में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित हरि नारायण पांडेय द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात कलाकारों द्वारा शुरू हुआ हरि कीर्तन अगले 24 घंटों तक अनवरत चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर माता रानी का फूलों के हार, सुंदर वस्त्रों और आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया था। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से सजाया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। सोनबरसा गंगा घाट पर विराजमान श्री मारूका माता के प्रति ग्रामीणों की अटूट श्रद्धा है। मान्यता है कि माता क्षेत्र को हर आपदा से बचाती हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से:सीताराम निषाद,राजेंद्र निषाद,संदीप निषाद,करिया निषाद,सहित गांव के सभी युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान और सहयोग किया। हरी कीर्तन में भंडारे का भी भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।