जलीलपुर चौकी क्षेत्र के नींबू मार्ग पर चौरहट गांव के समीप शनिवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अंधेरे में फेंके गए साड़ी कतरन, रजाइयों और गद्दों के मलबे के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें ऊंचाई तक उठने लगीं और घना, काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। धुएं के कण (काली राख) आसपास के घरों तक पहुंच गए, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग एवं धुआं देखते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ लोग रात के अंधेरे में साड़ी कतरन, रजाई और गद्दों का कचरा लाकर सड़क किनारे फेंक जाते हैं। शनिवार को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने के बाद स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई। काला गुबार उठने से वातावरण प्रदूषित हो गया और पास के घरों में रहने वाले परिवार परेशान हो उठे। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह कचरा फेंकना और आग लगना स्वास्थ्य के लिए खतरा बनता जा रहा है। लोगों ने पुलिस व प्रशासन से तत्काल ध्यान देने, कचरा फेंकने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।