जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बनाने पर जोर दिया गया है। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने स्पष्ट कहा कि जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, वे भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में कई ऐसे किसान हैं, जो अभी पीएम किसान योजना का लाभ ले रहे हैं, लेकिन उनका रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं है। सीडीओ ने ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि विभाग और सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक किया जाए और पात्र किसानों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में बताया गया कि किसान “फार्मर रजिस्ट्री सेल्फ ऐप”, सहायक ऐप या जनसेवा केंद्र के माध्यम से स्वयं भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और कृषि विभाग के तकनीकी सहायकों के जरिए यह प्रक्रिया निःशुल्क कराई जा रही है। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समयबद्ध तरीके से सभी पात्र किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।