ताराजीवनपुर क्षेत्र के सरेसर स्थित प्राथमिक विद्यालय का सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश कुमार राय ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक कार्य, एमडीएम, कायाकल्प, रजिस्टर आदि की गहनता से जांच की। उन्होंने स्कूल में कायाकल्प के सभी मापदंड पूरे मिलने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अध्यापक अधिक संख्या में बच्चों को परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। स्कूल में अभी तक 15 नया नामांकन किया गया है। कहा कि नया सत्र शुरू होते ही शासन के निर्देश पर सर्व शिक्षा अभियान के तहत एक से 15 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकालने के साथ घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने का कार्यक्रम चल रहा है। इसको लेकर सोमवार को बीईओ ने सरेसर स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान की प्रगति, शैक्षणिक कार्य, एमडीएम, कायाकल्प, बच्चों की उपस्थिति, रजिस्टर आदि की विस्तृत जानकारी ली। संकुल प्रभारी व प्रधानाध्यापक अवनीश कुमार ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित कर रहे हैं। इसके अलावा रैली के माध्यम से भी जागरुकता अभियान चलाकर गरीब परिवार के बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।