नौगढ़ रेंज के गहिला गांव में वन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। टीम ने 8 झोपड़ियों और दो कच्चे मकानों को ध्वस्त कर दिया। विभाग को सूचना मिली थी कि वन भूमि पर झोपड़ियां और कच्चे मकान बनाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अतिक्रमणकारी वहां से भाग निकले। नौगढ़ रेंजर संजय श्रीवास्तव ने बताया कि वन भूमि पर छह झोपड़ियों और दो कच्चे मकानों का नया निर्माण किया जा रहा था, जिसे तत्काल गिरा दिया गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेंजर ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग का मानना है कि यदि समय रहते ऐसे प्रयासों को रोका न जाए, तो वन भूमि पर अवैध कब्जे बढ़ सकते हैं, जिससे पर्यावरण और वन संरक्षण पर गंभीर असर पड़ेगा।