पीडीडीयू नगर एक दिन के विराम के बाद नगर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर बुधवार से एकबार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान पोकलेन और जेसीबी से फोरलेन की उत्तरी पटरी पर किए गए निर्माण ध्वस्त किए गए। इस दौरान अतिक्रमण की जद में आ रहे करीब 20 दुकानों के अलावा कुछ मकानों को भी तीन जेसीबी से तोड़ा गया। पीडीडीयू नगर के एसडीएम अनुपम मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार, सीओ अरुण कुमार सिंह, नगर पालिका परिषद के ईओ राजीव मोहन सक्सेना के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। पड़ाव से गोधना मोड़ तक चल रहे सिक्स व फोरलेन के निर्माण के दौरान नगर में सरकारी जमीन पर किया गया अतिक्रमण हटाया जा रहा है। अब तक दक्षिणी पटरी पर जीटीआर ब्रिज के पश्चिमी छोर पर बने सपा कार्ययालय से लेकर पुराने रेलवे गेट तक अतिक्रमण हटाया गया है। वहीं अभियान के 21वें दिन फोरलेन के डिवाइडर के बीच से 53 फीट तक उत्तरी पटरी पर किया गया अतिक्रमण हटाया गया। कई दुकानों के ऊपरी माले पर बने घरों पर भी बुलडोजर गरजा। दुकानें तोड़ने के लिए एक बड़ी और तीन छोटी जेसीबी से कार्रवाई की गई। दुकानों को तोड़ने के दौरान धूल का गुबार उड़ता रहा जिससे आवागमन करने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं अतिक्रमण हटाने के दौरान सवारी ढ़ोने वाले वाहन गायब रहे जिससे बाहर से आने वाले यात्री वाहन की तलाश में भटकते देखे गए। दरअसल योजना के तहत नगर में फोरलेन बनाया गया है। फोरलेन के किनारे नाला भी बनाया जा रहा है। इसके बाद नाले के किनारे आठ फीट चौड़ा सर्विस रोड बनाने के लिए अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इस संबंध में एसडीएम अनपम मिश्रा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के मानक के अनुसार ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।