सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के कमालपुर–जमानिया मार्ग पर महुजी व विरासराय गांव के मध्य मोहरा नार नाले पर बनी पुलिया सुरक्षा रेलिंग के अभाव में आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलिंग न होने से राहगीरों और वाहन चालकों की जान हर समय जोखिम में रहती है। ग्रामीणों के अनुसार, जुलाई–अगस्त माह में अगहर, बीर बहुरिया व गंगा नदी में बाढ़ का पानी बढ़ने पर इस पुलिया के ऊपर करीब आठ फीट तक पानी भर जाता है। लगभग 36 मीटर लंबी और करीब 15 फीट चौड़ी इस पुलिया पर ऐसे समय में आवागमन बेहद खतरनाक हो जाता है। बताया गया कि बीते दिनों बलिया निवासी शमशेर सिंह का ट्रक फिसलकर पुलिया से नीचे खाई में जा गिरा था, जिससे वह पूरी तरह पानी में डूब गया। दो दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकाला जा सका। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिया पर रेलिंग न होने के कारण लगातार छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, बावजूद इसके अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि पुलिया के निर्माण के समय लोहे की रेलिंग लगाई गई थी, जिसे कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा काटकर हटा लिया गया। उन्होंने कहा कि मामला विभाग के संज्ञान में है और जांच के बाद शीघ्र ही पुलिया पर नई रेलिंग लगवाई जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।