समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को क्षेत्र के मानस नगर स्थित सपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर धूमधाम से जन्मदिन मनाया और राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के नेतृत्व, संघर्ष और पार्टी की नीतियों पर चर्चा की। इस मौके पर पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया। कहा कि समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। वहीं सपा नेता बाबूलाल यादव ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी लगातार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिन को लेकर खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सभासद आरती यादव, प्रेमनाथ तिवारी, रामसेवक यादव, सच्चन यादव, तेजबली यादव, कमलेश यादव, रिंकू राइन, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।